पंजाब सरकार शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध: डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल
ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज
कपूरथला, 23 अगस्त:
शहरी बुनियादी ढांचे को बड़ा बढ़ावा देते हुए नगर निगम कपूरथला ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों और गलियों के निर्माण एवं सुधार के लिए 8.62 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर जारी किया है।
विवरण साझा करते हुए डिप्टी कमिश्नर एवं नगर निगम के प्रशासक आकाश बांसल ने बताया कि कपूरथला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों और गलियों के निर्माण कार्यों के लिए ‘स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट’ योजना के तहत 8.78 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह प्रोजेक्ट सफल बोलीदाता को 8.62 करोड़ रुपये में आलाट कर दिया गया है और अगले सप्ताह काम शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत वार्ड नंबर 6, 8, 9, 11, 12, 13, 17, 18, 22, 23, 24, 25, 32 और 34 में सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य किए जाएंगे। इससे इन क्षेत्रों के निवासियों को बेहतर सड़क संपर्क, सुचारू यातायात और बेहतर शहरी बुनियादी ढांचे का लाभ मिलेगा।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह प्रोजेक्ट शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहरी क्षेत्रों के संपूर्ण विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को योजनाबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ निवासियों तक जल्द से जल्द पहुंच सके। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों और गलियों से न केवल यातायात सुचारू होगा, बल्कि शहर की समग्र नागरिक सुविधाओं में भी सुधार होगा।
डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों और कार्य करने वाली एजेंसी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुसार ही किए जाएं। उन्होंने हर चरण पर उचित निगरानी रखने और गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय के भीतर प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करना प्राथमिकता रहेगी और सभी अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक देरी से बचना चाहिए।
नगर निगम की कमिश्नर अनुपम क्लेर ने बताया कि नगर निगम बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और कपूरथला शहर के समग्र बुनियादी ढांचे में सुधार पर विशेष ध्यान देते हुए विकास प्रोजेक्टों को योजनाबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि निगम विकास कार्यों की उचित निगरानी सुनिश्चित करेगा।
किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 01822-233777 पर संपर्क किया जा सकता है।









