कपूरथला – ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज :
शिरोमणि अकाली दल शहरी छेत्र के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।यह बात शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता व पार्षद राजिंदर सिंह धंजल ने एक प्रेस बयान जारी कर कही।उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनने पर पंजाब के सभी 13,000 गांवों में कंक्रीट की गलियां,सीवरेज सिस्टम,गांवों के तालाबों का सौंदर्गीकरण और बेघर ग्रामीणों के लिए पक्के घर बनाये जाने का जो वादा पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने किया है वह तुरंत पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा अकाली दल ने गांवों के बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने के लिए एक चरणबद्ध योजना बनायी है,जिसके तहत हर साल 3,000 गांवों का विकास किया जाएगा।इसके बाद पंजाब के हर गांव में शहरों जैसी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।धंजल ने पंजाब की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब को फिर से शांति, भाईचारे,सुरक्षा और विकास की राह पर लाने के लिए पूरी तरह से दृढ़ संकल्पित है।राज्य में आगामी समय में अकाली दल की सरकार बनने पर पंजाब को पूरी तरह से नशा, गुंडागर्दी और अपराध से मुक्त बनाया जाएगा।धंजल ने कहा कि प्रदेश को नशे,लूटपाट,फिरौतीखोरी और अन्य समाज विरोधी गतिविधियों से मुक्त कराना हमारी पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।इसके लिए शिरोमणि अकाली दल सत्ता में आते ही सबसे पहले समाज में जागरूकता और सकारात्मक माहौल पैदा करने पर जोर देगा।युवाओं को सही दिशा दिखाना और उन्हें रोजगार के नए अवसर प्रदान करना पार्टी का मुख्य लक्ष्य है।युवा पीढ़ी को भटकाव से बचाने के लिए धंजल ने एक विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि इसके लिए कपूरथला सहित पूरे प्रदेश भर में बड़े स्तर पर धार्मिक,सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य हमारी युवा पीढ़ी को पंजाब के गौरवशाली इतिहास,समृद्ध विरासत और गुरु साहिबान की पावन शिक्षाओं से जोड़ना है।कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए धंजल ने चेतावनी दी कि जो लोग अपराध,नशा तस्करी,लूटपाट, फिरौतीखोरी और गुंडागर्दी जैसी गतिविधियों में शामिल होकर समाज के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं,उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।अकाली दल की सरकार बनते ही ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।धंजल ने वादा किया कि 2027 में अकाली दल की सरकार बनते ही महंगाई भत्ता का सारा बकाया जारी किया जाएगा।उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने,समय पर वेतन संशोधन और कर्मचारियों को उनके गृह नगर के पास पोस्टिंग देने का भी आश्वासन दिया।उन्होंने पंजाबियों से अपील की कि यदि वे विश्व स्तरीय सड़कें,आधुनिक स्कूल और अस्पताल चाहते हैं,तो अकाली दल को वोट दें।उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा कि वे केवल नकारात्मक राजनीति और लतीफे ही दे सकते हैं।









