रिकॉर्ड जमा न करने वाले स्कूलों को अंतिम चेतावनी
कपूरथला , 16 जून:
ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज :
डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल ने जिले के सभी निजी स्कूलों को फीस में की गई बढ़ोतरी संबंधी मांगी गई जानकारी तुरंत शिक्षा विभाग के पास जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।
जिला स्तरीय फीस रैगूलेटरी कमेटी की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार केवल 60 प्राइवेट स्कूलों द्वारा ही फीस वृद्धि संबंधी विवरण जमा करवाए गए हैं।
उन्होंने सख़्त नोटिस लेते हुए शेष स्कूलों को भी बिना किसी देरी के आवश्यक जानकारी तुरंत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूलों द्वारा जमा करवाए गए रिकॉर्ड की बारीकी से जांच करने के लिए भी कहा। उन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा न करवाने वाले स्कूलों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों के अनुसार ऐसे संस्थानों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
आकाश बंसल ने विद्यार्थियों के अभिभावकों और जिला निवासियों से अपील की कि यदि स्कूल फीस, वर्दी या स्कूलों से संबंधित किसी अन्य मामले के बारे में कोई शिकायत हो तो वे बिना किसी झिझक के जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 01822-233777 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के हितों की रक्षा, शैक्षणिक संस्थानों के कामकाज में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कैप्शन: डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल जिला स्तरीय फीस रैगूलेटरी कमेटी की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए।








