Tribune Times

Tribune Times

शहादत-ए-गुरु तेग बहादुर: दिल्ली में होंगे भव्य आयोजन: कालका, काहलों

SHARE:

नई दिल्ली, 21 नवंबर (मनमोहन सिंह) दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा नौवें पातशाह धन-धन श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान शहादत की शताब्दी को समर्पित आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी संबंध में यहां आयोजित एक विशेष बैठक में दिल्ली की विभिन्न सिंह सभाओं के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा संगत की भागीदारी को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी की अद्वितीय शहादत मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और मानवता की रक्षा के लिए दिया गया अनुपम बलिदान है। उन्होंने कहा कि इस महान ऐतिहासिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दोनों नेताओं ने कहा कि जब से वर्तमान प्रबंधन ने कमेटी की सेवा संभाली है, तभी से दिल्ली की विभिन्न सिंह सभाओं को साथ लेकर चलने तथा उनके सुझावों के अनुरूप धार्मिक एवं पंथक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सिंह सभाओं के पदाधिकारियों और संगत का उत्साह एवं सहयोग ऐसे आयोजनों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत को समर्पित तिलक जनेऊ रक्षा यात्रा गुरुद्वारा गुरु का ताल, आगरा से आरंभ होगी। यह यात्रा नगर कीर्तन के रूप में दिल्ली की ओर रवाना होगी, जिसमें दल पंथ की जत्थेबंदियां, स्त्री सत्संग सभाएं तथा विभिन्न धार्मिक संस्थाएं भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि गुरु का ताल के सेवादार बाबा प्रीतम सिंह जी की ओर से भी इस प्रयास में विशेष सहयोग दिया जा रहा है। यह नगर कीर्तन विभिन्न पड़ावों से होते हुए लगातार सात दिनों तक दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में सजाया जाएगा। उन्होंने इस दौरान सिंह सभाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगत की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा यात्रा के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को शाम 7:30 बजे गुरुद्वारा सीस गंज साहिब में विशाल कवि दरबार आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सिख इतिहास की उस महान साहित्यिक एवं काव्य परंपरा को समर्पित होगा, जिसके अंतर्गत गुरु साहिबान के दरबारों में विद्वानों और कवियों द्वारा अपनी रचनाओं के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया जाता था। उन्होंने संगत से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

इसी श्रृंखला के अंतर्गत 7 दिसंबर को वर्ल्ड सिख कवि दरबार का आयोजन कॉन्स्टीट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसमें पंथक विद्वानों एवं कवियों द्वारा अपनी रचनाओं के माध्यम से गुरु साहिब की महान शहादत के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि 11 दिसंबर को गुरुद्वारा सीस गंज साहिब में विशेष राग दरबार सजाया जाएगा, जिसमें पंथ के उच्चकोटि के रागी सिंह गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

इसके अतिरिक्त 12, 13 और 14 दिसंबर को लाल किले में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में दिल्ली सरकार के सहयोग से संगत के लिए विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक आयोजन, म्यूजिक और लेजर शो सहित अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनके माध्यम से गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान शहादत के संदेश को देश-विदेश की संगत तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दो महीने पहले आरंभ किए गए सहज पाठों की संपूर्णता भी 14 दिसंबर को की जाएगी। इसके साथ ही हर वर्ष की परंपरा के अनुसार गुरुद्वारा सीस गंज साहिब से विशाल नगर कीर्तन भी सजाया जाएगा।

सरदार कालका और सरदार काहलों ने सभी सिंह सभाओं के पदाधिकारियों से अपील की कि वे इन सभी कार्यक्रमों को अपना सामूहिक पंथक प्रयास समझते हुए पूरे उत्साह के साथ सहयोग दें। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत का संदेश किसी एक संस्था या संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इसलिए सभी के सामूहिक प्रयासों से इन शताब्दी समारोहों को यादगार बनाया जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd
2
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

राज्य

शहर चुनें