भारत–पाकिस्तान सीमा पर नशा और हथियारों की तस्करी के प्रयासों के बीच बीएसएफ और पुलिस ने तीन अलग–अलग मामलों में हथियार, हेरोइन, अफीम और ड्रोन बरामद किए हैं। इन मामलों में पुलिस ने संबंधित थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में थाना लोपोके में बीएसएफ की 100वीं बटालियन के अधिकारी इंस्पेक्टर बलकिशन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। बीएसएफ ने चार .30 बोर पिस्तौल, आठ मैगजीन और 100 कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दूसरे मामले में थाना भिंडी सैदा में बीएसएफ की 45वीं बटालियन की ई–कंपनी के अधिकारी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर एनडीपीएस एक्ट और भारतीय विमान अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। बीएसएफ ने एक ड्रोन और 12 पैकेट हेरोइन बरामद की है। हेरोइन का कुल वजन 6 किलो 712 ग्राम है। बरामद ड्रोन के चार प्रोपेलर मिले हैं, जबकि उसमें कैमरा यूनिट नहीं थी और पीछे के पंख भी टूटे हुए थे। ड्रोन के साथ होल्ड एंड रिलीज मैकेनिज्म और 6654 एमएएच की लिथियम आयन बैटरी भी बरामद हुई है। तीसरे मामले में थाना रामदास में बीएसएफ की शिकायत पर एनडीपीएस एक्ट और एयरक्राफ्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बीएसएफ के एएसआई रछपाल सिंह ने बताया कि लिंक रोड गग्गोमहल से चामियारी रोड पर गश्त के दौरान सड़क के बाईं ओर घास में काले रंग का ड्रोन पड़ा मिला। जांच करने पर ड्रोन के अंदर से पीले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। इसे खोलने पर पैकिंग सामग्री सहित 670 ग्राम अफीम मिली। बीएसएफ को आशंका है कि ड्रोन पाकिस्तान की ओर से भेजा गया था। तीनों मामलों में पुलिस ने बरामद हथियारों, नशीले पदार्थों और ड्रोन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनके पीछे कौन से तस्करी नेटवर्क सक्रिय हैं और खेप किसे पहुंचाई जानी थी









