संगतों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
नई दिल्ली, 12 नवंबर, 2026 (मनमोहन सिंह) – दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा जगत गुरु श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व को समर्पित सिख साहित्य एवं चित्र प्रदर्शनी का आयोजन गुरुद्वारा बंगला साहिब में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी 14 नवंबर से 26 नवंबर, 2026 तक गुरुद्वारा साहिब के पवित्र सरोवर के किनारे प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को सिख धर्म की समृद्ध साहित्यिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य संगतों में गुरमत साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ समृद्ध सिख इतिहास और विरासत के बारे में ज्ञान का प्रसार करना भी है।
उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में दिल्ली और पंजाब की प्रमुख एवं प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा पुस्तकों तथा अन्य प्रकाशनों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला, भाषा विभाग, नेशनल बुक ट्रस्ट ऑफ इंडिया, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा विभिन्न सिख मिशनरी संस्थाएं शामिल होंगी, जो अपने महत्वपूर्ण साहित्य और प्रकाशनों के माध्यम से संगतों से जुड़ेंगी।
दोनों नेताओं ने बताया कि इन स्टॉलों के माध्यम से संगतों और पुस्तक प्रेमियों को श्री गुरु नानक देव जी सहित समस्त गुरु साहिबान के जीवन, उनकी महान शिक्षाओं एवं उपदेशों, भगत साहिबान की जीवनियों, सिख धर्म के गहन दर्शन, गुरमत विचारधारा तथा सिख इतिहास से संबंधित प्रामाणिक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें देखने और प्राप्त करने का विशेष अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त पंजाब एंड सिंध बैंक तथा पंजाब आर्टिस्ट (चित्रकार एसोसिएशन) के सहयोग से सिख इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं और महान ऐतिहासिक प्रसंगों को चित्रकला के माध्यम से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके माध्यम से दर्शकों को सिख इतिहास के गौरवशाली पन्नों, महान शहादतों और सिख विरासत की अनमोल स्मृतियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।








