अमृतसर के सीमावर्ती इलाकों में नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार बरामद किए हैं।
इन कार्रवाइयों में 20 किलो से अधिक हेरोइन, अफीम और आईस बरामद की गई है। इसके अलावा दो पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य मामलों में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना लोपोके पुलिस को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप गांव हेतमपुरा के खेतों में गिराई गई है। इसी के तहत पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कार सर्च अभियान चलाया और खेतों से लावारिस काला लिफाफा बरामद किया। इसमें से बारह किलो हेरोइन बरामद की गई। इसी तरह थाना रामदास पुलिस ने बीएसएफ की सूचना पर दो पिस्तौल, चार मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस, 510 ग्राम हेरोइन और 2 किलो 372 ग्राम अफीम बरामद की थी। थाना घरिंडा क्षेत्र में अटारी स्थित बीएसएफ चौकी के पास से एक पिस्तौल और खाली मैगजीन भी बरामद की किए गए।
थाना घरिंडा पुलिस ने गांव रोड़ावाला कलां के पास रेलवे फाटक के नजदीक खेतों से दो किलो 980 ग्राम हेरोइन बरामद की है। एएसआई राजबीर सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव के खेतों में एक पैकेट पड़ा है, जिसमें नशीला पदार्थ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैकेट की जांच की तो उसमें से हेरोइन और पैकिंग सामग्री बरामद हुई।
थाना लोपोके पुलिस ने बीएसएफ की 100 वीं बटालियन की एफ कंपनी की ओर से दी गई सूचना के आधार पर एक बड़ी खेप बरामद की है। बीएसएफ के कंपनी कमांडर सुरिंदर विक्रम सिंह ने सूचना के आधार पर उत्तर धारीवाल सीमा चौकी के क्षेत्र से एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। इसमें 4 किलो 855 ग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ था। इसके अलावा एक काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिसकी नंबर प्लेट नहीं थी। वहीं पर तलाशी के दौरान दो पिस्तौल भी मिले, जिन पर पीएक्स-3 कैलिबर 7.62 गुणा 25 एमएम मेड इन चाइना लिखा हुआ था। दोनों पिस्तौल बिना मैगजीन के थे। इसके अलावा एक किलो हेरोइन और दो किलो अफीम के अलग-अलग पैकेट भी बरामद किए गए।
थाना भिंडी सैदा पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र चंद मसीह, सुखजीत सिंह पुत्र काबल सिंह, विशाल भट्टी पुत्र राकेश मसीह निवासी अजनाला और बलकार सिंह पुत्र सरवन सिंह निवासी कोटली दोसंधी के रूप में हुई है।








