घुसपैठियों को अपना और भारतीयों को पराया मानती है टीएमसी: स्मृति ईरानी

 

 

कोलकाता। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला है। स्मृति ईरानी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “भारत के संविधान ने चुनाव के लिए एक स्पष्ट प्रक्रिया तय की है, लेकिन टीएमसी के गुंडे बार-बार इस व्यवस्था पर प्रहार कर रहे हैं। टीएमसी जिस तरह कटाक्ष कर रही है, वह आयोग की गरिमा का अपमान है। हर भारतीय नागरिक और मतदाता को इसका विरोध करना चाहिए और टीएमसी सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।” स्मृति ईरानी ने चुनाव आयोग की सराहना करते हुए कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने देशभर में विशेष तौर पर पश्चिम बंगाल में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के माध्यम से मतदाता सूची साफ करने का काम को देखा है। चुनाव आयोग ने निर्भीक और पारदर्शी तरीके से यह कार्य किया है। उनका एकमात्र संकल्प है कि मतदाता सूची में कोई घुसपैठिया न रहे और किसी भी मतदाता का नाम दोहरा न हो।”
उन्होंने पूछा, “क्या यह संकल्प हर भारतीय का संकल्प नहीं है? फिर ऐसा क्यों है कि टीएमसी भारतीय नागरिकों को पराया मानती है और घुसपैठियों को अपना?”
स्मृति ईरानी ने टीएमसी के इतिहास पर सवाल उठाते हुए कहा, “जहां कहीं महिलाओं का सम्मान होगा, टीएमसी वहां इसका विरोध करेगी। पश्चिम बंगाल में हर नागरिक, चाहे किसी भी धर्म, जाति या समुदाय का हो, ने देखा है कि टीएमसी सरकार ने भय और भ्रष्टाचार का माहौल कैसे बनाया है?”
भाजपा नेता ने आगे कहा कि टीएमसी की सरकार ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और विकास को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता नतमस्तक होकर मतदाताओं से अपील कर रहे हैं कि इस बार टीएमसी को हटाकर भाजपा को मौका दें।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों के लिए दो चरणों में विधानसभा चुनाव होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, मतगणना 4 मई को होगी।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें