परिवार का हिस्सा बनी नौकरानी ही घर की दुश्मन बन बैठी, काबू

 

लुधियाना के हैबोवाल के न्यू अमन विहार में रिश्तों और भरोसे को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक साल से परिवार का हिस्सा बनी नौकरानी ही घर की दुश्मन बन बैठी। जिसे मालिक अपना हमदर्द समझते थे, वह मौका पाते ही उनकी जेब पर हाथ साफ कर रही थी। जाल बिछाकर आरोपी महिला को रंगे हाथों चोरी करते देखा और उसे काबू कर लिया। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना हैबोवाल पुलिस ने इस मामले में न्यू अमन विहार निवासी नरेश कुमार की शिकायत पर प्रीतम नगर निवासी मोहिनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ में जुटी है। न्यू अमन विहार प्रीतम नगर निवासी नरेश कुमार बीते कई हफ्तों से घर से अचानक गायब हो रही नकदी के कारण मानसिक तनाव में थे। शक की सुई घर के ही किसी सदस्य या कर्मचारी पर थी, लेकिन बिना प्रमाण वह किसी पर आरोप लगाने से बच रहे थे। सच्चाई जानने के लिए नरेश ने बुधवार को एक योजना बनाई और काम पर आई नौकरानी मोहिनी की गतिविधियों पर गुप्त रूप से नजर रखने लगे। जैसे ही मोहिनी ने कमरे की खूंटी पर लटकी नरेश की पैंट के बटुए से तीन हजार रुपये निकाल लिए। पहले से ही ताक लगाकर बैठे नरेश ने उसे दबोच लिया। इसके बाद नरेश की पत्नी किरण ने उसकी तलाशी ली तो चोरी की गई नकदी बरामद हो गई। सख्ती से की गई पूछताछ में मोहिनी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पिछले दो माह से लगातार घर में सेंध लगा रही थी। एक साल पुराने भरोसे के इस तरह टूटने से पूरा परिवार स्तब्ध है। हैबोवाल थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें