पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) लुधियाना के सरींह (आलमगीर) उप-मंडल में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा करने वाले जिम्मेदार अधिकारी ने ही घोटाले को अंजाम दिया। विभाग के भीतर हुए एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा करते हुए पुलिस ने जूनियर इंजीनियर (जेई) तनुज के खिलाफ दो करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी का मामला दर्ज किया है।उस पर आरोप है कि उसने पिछले चार वर्षों में स्टोर से सामान की खुर्द-बुर्द कर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया। सहायक कार्यकारी इंजीनियर कमलजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। विभागीय ऑडिट के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच आरोपी जेई तनुज ने स्टोर से बड़ी मात्रा में उपकरण और अन्य सामान निकाले लेकिन जब रिकॉर्ड का मिलान किया गया तो 2,07,57,200 रुपये का सामान गायब मिला।लंबे समय तक चले इस घोटाले में आरोपी के पास सामान की रिकवरी या क्लीयरेंस का कोई संतोषजनक जवाब नहीं था। विभाग द्वारा कई बार मौका दिए जाने के बावजूद जब हिसाब नहीं मिला तो उच्च अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत की। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस बड़े घोटाले में अन्य विभागीय अधिकारी भी शामिल थे। 6 अप्रैल को औपचारिक शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ करोड़ों रुपये की रिकवरी में जुटी हुई है और विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है।












