अमृतसर के नारायणगढ़ क्षेत्र में झपटमारी की कोशिश के दौरान एक महिला की जान चली गई। बाइक सवार दो युवकों ने चलती बाइक पर महिला के कानों से सोने की बालियां झपटने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धक्का दे दिया। सड़क पर सिर के बल गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान नारायणगढ़ निवासी अमरजीत कौर के रूप में हुई है। वह अपने पति बलदेव सिंह के साथ बाइक पर गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा टेकने जा रही थी। दंपती बाइक पर सवार थी। जानकारी के अनुसार, गांव ढंड के पास पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने अमरजीत कौर के कानों से सोने की बालियां झपटने का प्रयास किया। अमरजीत कौर ने इसका विरोध किया तो आरोपियों में से एक ने उसे धक्का दे दिया। अचानक धक्का लगने से महिला बाइक से सड़क पर सिर के बल जा गिरी। हादसे के बाद पति बलदेव सिंह ने राहगीरों की मदद से घायल अमरजीत कौर को निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर अंदरूनी चोट लगने के कारण महिला की मौत हुई। सब डिविजन तरनतारन के डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि घटना जिला अमृतसर देहात के थाना घरिंडा की सीमा में हुई है। संबंधित पुलिस को मामले की जांच में सहयोग किया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।




