कपूरथला, 20 सितम्बर — गुरु रामदास इंक्लेव वैल्फेयर सोसायटी, सैदो भुलाणा की एक महत्वपूर्ण बैठक सोसायटी सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक के दौरान सोसायटी के कार्यों, क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं तथा भविष्य में किए जाने वाले सामाजिक एवं विकास कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से पुरानी सोसायटी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आपसी सहमति एवं सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का चुनाव किया। चुनाव के दौरान कमलजीत सिंह को अध्यक्ष, अमरजीत सिंह को उपाध्यक्ष, सुखजिन्दर सिंह को सचिव, राजविन्दर सिंह को उप-सचिव, सतविन्दर सिंह को कैशियर, कमेश्वर प्रसाद को उप-कैशियर तथा सुखविन्दर सिंह को सलाहकार नियुक्त किया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और आपसी सहयोग के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सोसायटी का मुख्य उद्देश्य इलाके के निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करना है।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि गुरु रामदास इंक्लेव की बेहतरी के लिए सभी को मिल-जुलकर कार्य करना चाहिए। सोसायटी की ओर से क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। नवनियुक्त पदाधिकारियों को उपस्थित सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी सोसायटी के हित में बेहतर कार्य करेगी और इलाके के विकास में अपना योगदान देगी।









