ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज
कपूरथला, 11 सितंबर 2026:
रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला के राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी पखवाड़ा-2026 का आयोजन दिनांक 07 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है । हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों में रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पखवाड़े के दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन 07 सितंबर को किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को ‘ऑनलाइन शिक्षा का वर्तमान एवं भविष्य’ तथा ‘वित्तीय समावेशन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी’ में से किसी एक विषय पर निबंध लिखने का अवसर दिया गया। इसके अतिरिक्त हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता का आयोजन आज 11 सितंबर को किया गया जिसमें कर्मचारियों ने नोटिंग /ड्राफ्टिंग में अपनी कला कौशल का प्रदर्शन किया ।
हिंदी वाक् प्रतियोगिता 14 सितंबर को आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागी ‘तकनीक से परिवर्तन तक : भारत की डिजिटल यात्रा’ तथा ‘तनावमुक्त जीवन : आज की आवश्यकता’ में से किसी एक विषय पर 5 से 7 मिनट का वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे। हिंदी पखवाड़े का समापन 21 सितंबर 2026 को हिंदी क्विज प्रतियोगिता के साथ होगा। सभी प्रतियोगिताएं रेल डिब्बा कारखाना के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम , द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार के अतिरिक्त तीन प्रेरणा पुरस्कार हिंदी पखवाड़ा पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किये जायेंगे । राजभाषा विभाग द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी पखवाड़े में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया है। हिंदी पखवाड़ा न केवल हिंदी के प्रति प्रेम एवं सम्मान को बढ़ाने का अवसर है, बल्कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए भी प्रेरणा प्रदान करता है।









