पटना। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारी छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने के साथ अपनी अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च निकाल रहे थे। छात्रों ने गांधी मैदान से राजभवन तक जाने का ऐलान किया था। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस लगातार छात्रों को राजभवन की ओर जाने से रोकती रही। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्धारित क्षेत्र से आगे जाने से रोकने की कोशिश की।
इस मामले में डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि पुलिस छात्रों को आगे नहीं बढ़ने देगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत हुई है और बातचीत सकारात्मक रही है।डीएसपी ने कहा कि छात्रों ने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी कई मांगें रखी हैं और बातचीत का परिणाम सकारात्मक रहा है। उन्हें उम्मीद है कि छात्र अपनी मांगों को लेकर बातचीत के रास्ते पर सहमत होंगे और भीड़ धीरे-धीरे कम हो जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश जारी रखते हैं तो पुलिस उन्हें वहीं रोक देगी और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
70वीं BPSC परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी परीक्षा रद्द करने समेत अपनी अन्य मांगों पर सरकार और आयोग से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








