कपूरथला। जिला कपूरथला के कस्बा बेगोवाल के अधीन आते गांव जब्बोवाल के एक नौजवान की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार गुरदीप सिंह पुत्र प्यारा लाल निवासी जब्बोवाल, जो लगभग 13 साल पहले अमेरिका में रोजी–रोटी की तलाश के लिए गया था, उसकी अमेरिका के न्यूयार्क सिटी की रिचमंड स्ट्रीट में कल रात के समय पिज्जा डिलीवरी करते समय अज्ञात हथियारबंद लोगों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक के पिता प्यारा लाल ने बताया कि अपने और परिवार के सुनहरे भविष्य के लिए वह भारी रकम खर्च करके विदेश गया था। वहां उसे काफी समय तक समस्याओं का सामना करना पड़ा था। अब वह परिवार को अच्छे दिन दिखाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था, पर समय को कुछ और ही मंजूर था कि रात के समय जब वह पिज्जा डिलीवरी करने जा रहा था तो रास्ते में ही लूटपाट की नीयत से उसे गोली मारकर खत्म कर दिया गया।
इस मौके पर मृतक के परिवार के सदस्यों ने पंजाब और भारत सरकार से मांग की है कि उनके बेटे के शव को भारत लाने का प्रबंध किया जाए और दोषियों को सख्त सजा दिलवाने के लिए अमेरिका सरकार से संपर्क किया जाए। उल्लेखनीय है कि मृतक गुरदीप सिंह अभी कुंवारा था और उसके पिता और भाई अपना डीजे का काम करके परिवार का पालन–पोषण कर रहे हैं। परिवार में मातम का माहौल है और परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग और रिश्तेदार परिवार से दुख व्यक्त करने पहुंच रहे हैं।









