भारतीय जनता पार्टी, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने आज पंजाब के विभिन्न संगठनात्मक जिलों के लिए भाजपा के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की। ये नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सहमति से की गई हैं।
नियुक्तियों की घोषणा करते हुए सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपने संगठनात्मक ढांचे को निरंतर सशक्त कर रही है ताकि पार्टी को बूथ स्तर से लेकर प्रत्येक क्षेत्र तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव नियुक्त जिला अध्यक्ष अपने अनुभव, समर्पण और परिश्रम के बल पर संगठन को और मजबूत करेंगे, समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएंगे।
नव नियुक्त जिला अध्यक्षों में अमृतसर ग्रामीण-2 (मजीठा) से कंवर बीर सिंह मंजिल, अमृतसर शहरी से सलील कपूर, बरनाला से नरेंद्र गर्ग नीटा, फरीदकोट से गौरव कक्कड़, फाजिल्का से सुखविंदर सिंह काका कंबोज, होशियारपुर ग्रामीण से योगेश सप्रा, होशियारपुर शहरी से सतीश ठाकुर बावा, जालंधर शहरी से अशोक सरीन हिक्की, जालंधर ग्रामीण नॉर्थ से मनमीत सिंह विक्की, जालंधर ग्रामीण साउथ से जगबीर सिंह बराड़, कपूरथला से चेतन सूरी, लुधियाना शहरी से सुनील मौदगिल, श्री मुक्तसर साहिब से सतीश असीजा, रूपनगर (रोपड़) से अजय वीर सिंह लालपुरा, संगरूर-1 से मतिंदर सिंह तथा तरनतारन से सतनाम सिंह भुल्लर शामिल हैं।
नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब के प्रत्येक जिले में एक मजबूत, सक्रिय और जनकेंद्रित संगठन के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी नव नियुक्त जिला अध्यक्ष पूरी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश में पार्टी को आगामी संगठनात्मक एवं चुनावी चुनौतियों के लिए और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।








