तरनतारन जिले के गांव रानी वलाह में जहरीला पदार्थ खाने से दो सगे मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और गांव के सरपंच के अनुसार, सुरजीत सिंह के दो बेटे गुरनिशान सिंह (7 वर्ष) और गुरदान सिंह (डेढ़ वर्ष) ने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ गलती से खा लिया। इसके बाद दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना चोहला साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों ने कौन–सा जहरीला पदार्थ खाया था। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, पूरे इलाके में गम और शोक का माहौल बना हुआ है।









