मोगा के गांव रोडे में एक बेहद ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां खाना ठंडा होने के मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की बहन के बयानों के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गांव रोडे का रहने वाला मृतक मेयरजीत सिंह कई साल पहले गांव के ही एक डॉक्टर के पास काम करता था। डॉक्टरी लाइन का थोड़ा–बहुत अनुभव होने के बाद उसने घर पर ही अपनी क्लीनिक खोल ली और गांव के मरीजों को दवाई देता था। पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो मेयरजीत सिंह की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी थी। घर में सिर्फ बाप–बेटा (मेयरजीत और उसका 22 वर्षीय बेटा लवप्रीत सिंह) ही साथ रहते थे। मेयरजीत खुद घर का खाना बनाता था और पिता–बेटे दोनों साथ खाते थे। हालांकि, वह शराब पीने का आदी था, जिसके कारण अक्सर घर में तनाव रहता था। बुधवार की रात को हमेशा की तरह मेयरजीत सिंह ने खाना बनाया और अपने बेटे लवप्रीत सिंह को आवाज दी। उस समय लवप्रीत का एक दोस्त घर आया हुआ था, जिसके चलते वह उससे बातचीत करने में व्यस्त हो गया। दोस्त के जाने के बाद जब लवप्रीत खाना खाने बैठा, तो भोजन ठंडा हो चुका था। इसी बात को लेकर पिता–पुत्र के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। पिता मेयरजीत उस वक्त शराब के नशे में धुत्त था और उसने तैश में आकर बेटे को गालियां देना शुरू कर दिया। गालियों से गुस्साए लवप्रीत सिंह के सिर पर खून सवार हो गया। दोनों के बीच हाथापाई शुरू हुई। इसी दौरान लवप्रीत ने घर में रखी लोहे की रॉड उठाकर अपने पिता के सिर पर मार दी।गंभीर रूप से घायल मेयरजीत को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म गहरे होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जसविंदर सिंह, डीएसपी बाघापुराना ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर डेड बॉडी को कब्जे में लेकर जांच करते हुए पता लगा कि मृतक मेयरजीत सिंह शराब पीने का आदी था। 8 जुलाई की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच पिता–पुत्र में विवाद हुआ था। पिता शराबी हालत में बेटे को गालियां निकाल रहा था। हाथापाई के दौरान लवप्रीत ने गुस्से में आकर लोहे की रॉड से हमला किया। हालांकि, जांच में सामने आया है कि बेटे की अपने पिता की हत्या करने की कोई पूर्व नीयत नहीं थी। मृतक मेयरजीत सिंह की बहन जसप्रीत कौर (निवासी दयालपुरा, जिला बठिंडा) के बयानों पर अपने ही मृतक में बेटा लवप्रीत सिंह के खिलाफ गैर–इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। शुक्रवार को मृतक के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया जाएगा।









