बठिंडा में विजिलेंस टीम ने घूसखोर पटवारी को गिरफ्तार किया है। कोटसमीर-1 के पटवारी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा है। पटवारी जमीन का इंतकाल करवाने के बदले 10 हजार रुपये घूस ले रहा था। आरोपी की पहचान मंजोत सिंह के तौर पर हुई है, जिसके खिलाफ विजिलेंस ने भ्रष्टाचार एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को विजिलेंस शनिवार को अदालत में पेश करेगी।विजिलेंस ब्यूरो के इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह ने बताया कि गांव कोटसमीर के रहने वाले शिकायतकर्ता गगनदीप सिंह ने बताया कि उसके ताया का देहांत हो गया था। उनके देहांत के बाद उनकी विरासत का इंतकाल परिवार के बाकी सदस्यों के नाम करवाना था। इसके लिए गगनदीप सिंह ने कोटसमीर -1 के पटवारी मंजोत सिंह के साथ संपर्क किया था। पटवारी मंजोत सिंह ने जमीन का विरासत इंतकाल करने के बदले 10 हजार रुपये की डिमांड की थी। पटवारी की ओर से रिश्वत मांगने के सबूत शिकायतकर्ता की ओर से विजिलेंस को दिए गए थे। जांच के बाद टीम ने शुक्रवार को ट्रैप लगाकर पटवारी मंजोत सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथ काबू किया। विजिलेंस टीम का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अगर किसी और का नाम सामने आया तो उसको भी केस में नामजद किया जाएगा।













