83वीं ऑल इंडिया रेलवे पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का लीग चरण रेल डिब्बा कारखाना कपूरथला में में संपन्न

 

 

रेल डिब्बा कारखाना सहित चार टीमों ने  नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई किया।

 

 

कपूरथला, 23 .02 .2026 :रेल डिब्बा कारखाना , कपूरथला में आयोजित 83वीं ऑल इंडिया रेलवे पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का लीग चरण आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस चैंपियनशिप में देशभर की 9 रेलवे टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लीग मुकाबलों के दौरान उच्च स्तरीय हॉकी का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता में देशभर की 9 रेलवे टीमों ने भाग लिया , जिनमें कई ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडियों ने अपनी हॉकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया ।

चैंपियनशिप में भाग ले रही टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया । ग्रुप ‘बी’ में नॉर्दर्न रेलवे नई दिल्ली, सेंट्रल रेलवे मुंबई, इंटीग्रल कोच फैक्ट्री चेन्नई तथा ईस्टर्न रेलवे कोलकाता शामिल थी । वहीं ग्रुप ‘डी’ में वेस्टर्न रेलवे, मुंबई, साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे बिलासपुर, बनारस लोकोमोटिव वर्क्स  बनारस, साउदर्न रेलवे चेन्नई तथा मेजबान रेल डिब्बा कारखाना कपूरथला की टीमें शामिल थी ।

छह दिन चले लीग चरण में 16 मैच खेले गए और इन में से  पूल-बी से उत्तरी रेलवे, नई दिल्ली तथा मध्य रेलवे, मुंबई ने नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई किया। वहीं पूल-डी से रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला एवं पश्चिम रेलवे, मुंबई ने भी नॉकआउट चरण में अपना स्थान सुनिश्चित किया। आज इस लीग चरण का आखरी मैच आर सी एफ तथा बनारस लोकोमोटिव वर्क्स  बनारस के बीच खेला गया जिसमें आर सी एफ टीम ने 7 – 0 से शानदार जीत हासिल की ।

इस चैंपियनशिप की लीग चरण का दूसरा भाग रांची में आयोजित किया गया जहां पर भी 09 रेलवे टीमों ने भाग लिया । वहां से भी शीर्ष 4 टीमों ने नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई किया। चैंपियनशिप का नॉकआउट चरण 27 फरवरी 2026 से 02 मार्च 2026 तक मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली में आयोजित किया जाएगा, जहां क्वालीफाई की गई 8 टीमें खिताब के लिए कड़ा मुकाबला करेंगी।

इस अवसर पर आर सी एफ के महाप्रबंधक श्री अजय नन्दन  की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्री के. एस. असला, अध्यक्ष, आर सी एफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे।

आर सी एफ के अत्याधुनिक एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गए मैचों में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं प्रदान की गईं। सभी टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम भावना एवं खेल भावना का परिचय दिया, जिससे प्रतियोगिता रोमांचक बनी रही।

रेलवे बोर्ड से अधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने आर सी एफ कपूरथला द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं एवं आतिथ्य की सराहना की। मैचों का सुचारु आयोजन खेलों के प्रति आर सी एफ की प्रतिबद्धता एवं बेहतर आयोजन क्षमता को दर्शाता है।

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें