श्री अजय नन्दन ने रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला के महाप्रबंधक का पदभार संभाला

 

कपूरथला, 20 फरवरी 2026:

 

श्री अजय नन्दन ने 17 फरवरी 2026 को रेल डिब्बा कारखाना , कपूरथला के महाप्रबंधक का पदभार संभाल लिया है ।

श्री अजय नन्दन भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियर सेवा (आई आर एस एम ई) के 1989 बैच के अधिकारी हैं। अपने वर्तमान पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, गुवाहाटी में प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पी सी एम ई) के पद पर कार्यरत थे।

भारतीय रेल में 35 वर्षों से अधिक के विशिष्ट सेवा अनुभव के साथ श्री अजय नन्दन ने विभिन्न जोनल रेलवे, उत्पादन इकाइयों, रेल मंडलों तथा रेलवे बोर्ड में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में पी सी एम ई के रूप में कार्य करने के अतिरिक्त, उन्होंने नई दिल्ली, कोलकाता, मालदा टाउन, हाजीपुर, कोटा, मुरादाबाद, जमालपुर सहित अन्य प्रमुख रेलवे प्रतिष्ठानों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। उन्होंने वर्ष 2021 से 2023 तक मुरादाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के रूप में भी सेवा दी।

अपने उल्लेखनीय सेवाकाल के दौरान श्री अजय नन्दन को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है तथा उन्होंने भारत एवं विदेशों में उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी तकनीकी और प्रबंधकीय दक्षताओं को और सुदृढ़ किया है।

महाप्रबंधक श्री अजय नन्दन ने अपने पदभार ग्रहण करने के पश्चात् अपने कार्यालय में सभी विभागाध्यक्षों के साथ एक परिचयात्मक बैठक (Introductory Meeting) आयोजित की।

बैठक के दौरान महाप्रबंधक के समक्ष एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई, जिसमें रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला के समग्र परिचय, कोच निर्माण गतिविधियों तथा वर्तमान में संचालित विभिन्न परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में आर सी एफ के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद करते हुए श्री अजय नन्दन ने भारतीय रेल की प्रगति में रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इसके अतिरिक्त, श्री अजय नन्दन ने कोच निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर बहुमूल्य सुझाव भी प्रदान किए तथा गुणवत्ता, उत्पादकता और समयबद्धता पर विशेष बल दिया।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें