ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज
नई दिल्ली 20 फरवरी, 2026
सिख धर्म की आध्यात्मिक महानता और विश्वभर में सिख धर्म की पवित्र पहचान के सम्मान स्वरूप, फ्रांस के राष्ट्रपति श्री इमैनुएल मैक्रों ने आज ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में श्रद्धा भाव से नतमस्तक होकर गुरु साहिब जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों ने अत्यंत विनम्रता, आदर और श्रद्धा के साथ गुरु घर में मत्था टेका। उस समय दरबार साहिब में कीर्तन जत्थों द्वारा गुरु की इलाही बाणी का रसपूर्ण और आध्यात्मिक कीर्तन जारी था, जिसकी पवित्र ध्वनि ने वातावरण को और भी अलौकिक बना दिया।
सरदार कालका ने कुछ तत्वों द्वारा किए जा रहे भ्रामक प्रचार को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी विशिष्ट अतिथि के आगमन के दौरान संगतों की आवाजाही को प्रभावित नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी विचार-विमर्श किया गया है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि संगतों को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने संगतों के सहयोग और समझदारी के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदैव संगतों की सेवा और सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। गुरु घर की मर्यादा, अनुशासन और संगतों की सुविधा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह पावन दौरा न केवल सिख समुदाय के लिए गौरव का क्षण था, बल्कि भारत और फ्रांस के मैत्रीपूर्ण संबंधों में आध्यात्मिक निकटता का भी प्रतीक है।









