युवा पीढ़ी खालसा साजना दिवस की महानता को समझते हुए अमृत छके : हरमीत सिंह कालका
नई दिल्ली, 18 फरवरी 2026
हरमीत सिंह कालका, अध्यक्ष दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने जानकारी देते हुए बताया कि खालसा साजना दिवस और वैसाखी के पावन अवसर को समर्पित अमृत संचार समागमों की रूपरेखा तय करने के लिए दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबानों के हेड ग्रंथी साहिबानों तथा कमेटी के सदस्यों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समागमों की सफलता के लिए बड़े स्तर पर संगत की सहभागिता सुनिश्चित करने संबंधी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
अध्यक्ष कालका ने कहा कि खालसा पंथ की साजना केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि सिख कौम की आध्यात्मिक नई जागृति का प्रतीक है। उन्होंने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की समस्त संगत से अपील की कि वे इस पवित्र अवसर को अपने जीवन का अनमोल अवसर समझते हुए अधिक से अधिक गुरु घर से जुड़ें और खंडे बाटे की पहुल ग्रहण कर खालसा स्वरूप धारण करें।
उन्होंने आगे कहा कि अमृत संचार समागम केवल एक रस्म नहीं, बल्कि गुरु साहिबानों द्वारा प्रदत्त रहित मर्यादा को अपनाने तथा नैतिकता, सेवा और शहादत की भावना के साथ जीवन व्यतीत करने का दृढ़ निश्चय है। इसलिए युवा पीढ़ी को विशेष रूप से प्रेरित किया जा रहा है कि वे खालसा साजना दिवस की महानता को समझते हुए अमृत छकें और अपनी आध्यात्मिक यात्रा की नई शुरुआत करें।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आने वाले दिनों में विस्तृत कार्यक्रम जारी किए जाएंगे। हरमीत सिंह कालका ने समस्त संगत से अपील की कि वे इन पवित्र समागमों में उपस्थित होकर गुरु कृपा के पात्र बनें और अन्य लोगों को भी गुरु वाला बनने के लिए प्रेरित करें।











