नई दिल्ली, 16 फरवरी 2026
सरदार हरमीत सिंह कालका, अध्यक्ष दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने जानकारी देते हुए बताया कि कमेटी द्वारा सरदार त्रिलोचन सिंह के सहयोग से साका ननकाना साहिब के अमर शहीदों की पवित्र स्मृति को समर्पित 18वां विशाल राग दरबार शनिवार, 21 फरवरी 2026 को गुरुद्वारा बंगला साहिब में श्रद्धा और भावनापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह समागम सिख इतिहास की महान शहादत को नमन करने तथा गुरबाणी के माध्यम से संगत को नाम-रस से जोड़ने का एक विशेष अवसर होगा। इस राग दरबार में पंथ-प्रसिद्ध रागी जत्थे इलाही कीर्तन द्वारा उपस्थित संगत को आध्यात्मिक आनंद से विभोर करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि इस अवसर पर भाई अमृतपाल सिंह नूर (दिल्ली वाले), भाई प्रदीप सिंह हजूरी कीर्तनिए शहीदां साहिब, श्री अमृतसर साहिब, भाई कमलजीत सिंह शांति हजूरी कीर्तनिए श्री हरिमंदर साहिब तथा भाई कमलजीत सिंह हजूरी कीर्तनिए श्री हरिमंदर साहिब कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। वहीं सिंह साहिब ज्ञानी रणजीत सिंह, हेड ग्रंथी बंगला साहिब, कथा के माध्यम से शहीदों की अद्वितीय कुर्बानी को स्मरण कराएंगे।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने समस्त संगत से विनम्र अपील की है कि वे अपने परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गुरु घर की अनमोल खुशियां और आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त करें।
उन्होंने यह भी बताया कि राग दरबार का सीधा प्रसारण दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट और फेसबुक पेज के अलावा केसरी कॉन्टैक्ट, चढ़दी कला टाइम टीवी, जीएसपीएस लाइव, अकाल सहाई गुरबाणी और अनम्यूट चैनल पर भी किया जाएगा, ताकि देश-विदेश की संगत इस पावन आयोजन से जुड़ सके।
यह विशाल राग दरबार शहीदों की अमर विरासत को नमन करते हुए संगत में आध्यात्मिक चेतना और पंथक एकता का संदेश प्रसारित करेगा।











