महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और भक्ति का विशेष अवसर : राम इकबाल

 

प्राचीन शिव मंदिर बगीची में उत्साह से मनाया गया शिवरात्रि पर्व

 

 

ट्रिब्यून  टाइम्स  न्यूज

कपूरथला, 16 फरवरी

 

प्राचीन शिव मंदिर बगीची लाहौरी गेट में मंदिर कि संचालिका सुश्री अनिता जोशी की अध्यक्षा में महाशिवरात्रि का पावन पर्व इस वर्ष अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। पूरा दिन “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर को विशेष रूप से फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर दिव्य आभा बिखेरता नजर आया।

सुश्री अनिता जोशी ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भस्म अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई भक्तों ने दिनभर व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ का ध्यान किया और सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने बताया कि इस मौके पर श्रद्धालुओं के लिए सुचारू व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

 

मुख्य सेवादार राम इकबाल ने बताया कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और भक्ति का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा, “भगवान भोलेनाथ अत्यंत सरल और दयालु हैं। सच्चे मन से किया गया स्मरण भी उन्हें प्रसन्न कर देता है। शिव ही सृष्टि के आदि और अंत हैं, वे ही संहारक भी हैं और पालनहार भी। जो भक्त श्रद्धा और विश्वास के साथ उनका नाम जपता है, उसके जीवन से कष्ट स्वतः दूर हो जाते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “भोलेनाथ हमें सादगी, संयम और करुणा का संदेश देते हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए, तभी सच्ची भक्ति सार्थक होती है।”

सेवादार आशीष जोशी ने बताया कि पूरे दिन भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चलता रहा, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शिव स्तुति और मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सेवादार आशीष जोशी व बबलू ने बताया कि शिवरात्रि के अगले दिन मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। पंडित पितम राम शर्मा ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच आहुति दी गई और विश्व कल्याण, क्षेत्र की सुख-शांति तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। हवन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा परिसर हवन की सुगंध और मंत्रोच्चार से गूंजता रहा।

हवन यज्ञ के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल लंगर का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों ने पूरे समर्पण भाव से सेवा निभाई। लंगर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। अंत में संचालक सुश्री अनिता जोशी जी ने बताया कि मंदिर में निष्ठा भाव से सेवा निभाने वाले मंदिर के मुख्य सेवादारों आशीष जोशी, चंद्रशेखर जोशी, अमरेश जोशी, उर्मिला शारदा, पावर हैल्थ क्लब के राजेश जोशी, राम इकबाल का विशेष तौर पर धन्यवाद किया।

इस अवसर पर चंद्रशेखर जोशी, अमरेश जोशी, उर्मिला शारदा, पावर हैल्थ क्लब के राजेश जोशी, आशीष जोशी, मनी, मयंक, साईं, कुलविंदर, भरत, विशाल, हनीव अन्य बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहें।

 

कैप्शन: शिवरात्रि के दिन ज्योति प्रज्वलित करते हुए सुश्री अनिता जोशी तथा साथ में अन्य।

 

कैप्शन: शिवरात्रि मौके सजा भगवान शिव का भव्य दरबार।

 

कैप्शन: हवन यज्ञ करते हुए श्रद्धालु।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें