कपूरथला, 13 फरवरी: जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने आज कपूरथला का दौरा किया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकारों और पत्रकारिता की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। कपूरथला प्रेस क्लब के प्रधान सुकेत गुप्ता के भाई पर हुए हमले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए, डीआईजी ने एसएसपी कपूरथला श्री गौरव तूरा, एसपी (PBI) गुरमीत कौर और डीएसपी हेडक्वार्टर उपकार सिंह की उपस्थिति में मामले की समीक्षा की और दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा, “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में इसकी अहम भूमिका है। पुलिस के कई सफल ऑपरेशंस मीडिया के सहयोग से ही पूरे हुए हैं।” इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब के प्रधान से मुलाकात कर उन्हें पूर्ण सुरक्षा और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।एसएसपी गौरव तूरा, एसपी (PBI) गुरमीत कौर और डीएसपी हेडक्वार्टर उपकार सिंह को संबोधित करते हुए डीआईजी ने कहा कि किसी भी पत्रकार या उनके परिवार के साथ हिंसा या डराने-धमकाने की घटना को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंजाब पुलिस पत्रकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
पुलिस प्रशासन ने पत्रकारों को विश्वास दिलाया कि मामले की निगरानी उच्च स्तर पर की जा रही है और जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की टीमें सक्रियता से काम कर रही हैं।











