ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज : कपूरथला
धर्मशाला नाथां दा डेरा वेलफेयर सोसायटी (रजि.) द्वारा प्राचीन शिव मंदिर नाथां दा डेरा, नजदीक नई पुलिस लाइन, सीनपुरा (कपूरथला) की ओर से 24वां महाशिवरात्रि मेला 15 फरवरी (रविवार) और 16 फरवरी (सोमवार) को बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस बाबत डेरे के महंत बाबा विजय नाथ ने बताया कि मेले को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं और भक्तजनों में भारी उत्साह पाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी दिन रविवार को सुबह 10:00 बजे झंडे की रस्म एवं संकीर्तन का आयोजन होगा तथा दोपहर 12:00 बजे लंगर वितरित किया जाएगा। इसके अलावा 16 फरवरी दिन सोमवार को प्रातः 9:00 बजे रुद्राभिषेक यज्ञ संपन्न होगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1:00 बजे भोलेनाथ का अटूट लंगर लगाया जाएगा।
मंदिर के महंत बाबा विजय नाथ ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस पावन पर्व पर शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर परिसर में पूरा दिन भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
महंत बाबा विजय नाथ ने बताया कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और भक्ति का महान अवसर है। उन्होंने कहा कि “भगवान शिव करुणा के सागर हैं, जो सच्चे मन से की गई प्रार्थना को अवश्य स्वीकार करते हैं। शिव की भक्ति से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और मन को शांति प्राप्त होती है।” शिव महिमा का वर्णन करते हुए उन्होंने आगे कहा कि “भोलेनाथ सृष्टि के आधार हैं, वे संहारक भी हैं और पालनकर्ता भी। शिव की कृपा से असंभव भी संभव हो जाता है।”
धर्मशाला नाथां दा डेरा वेलफेयर सोसायटी (रजि.) की ओर से सभी शिव भक्तों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन पर्व का लाभ उठाएं और संकीर्तन, हवन-यज्ञ व भंडारे में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जहां “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहेगा।











