पंथ प्रसिद्ध कीर्तनीये और विद्वान गुरबाणी कीर्तन एवं कथा के माध्यम से संगत को करेंगे निहाल
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (मनमोहन सिंह):
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संगत के सहयोग से धन-धन श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश गुरुपर्व को समर्पित 26वां राग दरबार 24 अक्टूबर, शनिवार को गुरुद्वारा बंगला साहिब में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। शाम 4:45 बजे से देर रात तक चलने वाले इस आध्यात्मिक समागम के दौरान पंथ प्रसिद्ध कीर्तनीये और विद्वान गुरबाणी कीर्तन एवं गुरमत विचारों के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह कहलों ने बताया कि राग दरबार में भाई अमनदीप सिंह जी, श्री आनंदपुर साहिब; भाई तेजिंदर सिंह जी, हजूरी कीर्तनीये, श्री हरिमंदिर साहिब; सिंह साहिब ज्ञानी रणजीत सिंह जी, मुख्य ग्रंथी, गुरुद्वारा बंगला साहिब; भाई करमजीत सिंह जी शांत, न्यू जर्सी (अमेरिका) तथा डॉ. गुरनाम सिंह, पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला, गुरबाणी के इलाही कीर्तन एवं गुरमत कथा के माध्यम से संगत को गुरु चरणों से जोड़ेंगे।
दोनों नेताओं ने कहा कि राग दरबार जैसे धार्मिक समागम सिख संगत को गुरबाणी, गुरमत संगीत और गुरु साहिबान की पावन शिक्षाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने संगत से अपील की कि वे अपने परिवारों सहित इस पवित्र समागम में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें और गुरबाणी कीर्तन का आनंद उठाएं।
उन्होंने बताया कि देश-विदेश में रहने वाली संगत की सुविधा के लिए इस राग दरबार का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। संगत दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट, कमेटी के फेसबुक पेज एवं यूट्यूब चैनल के अतिरिक्त चढ़दी कला टाइम टीवी, जी.एस.पी.एस. लाइव, कीर्तन प्रधानां, बाणी नेट, अकाल सहाय गुरबाणी, दर्शन टीवी और सिखी चैनल के माध्यम से भी इस आध्यात्मिक समागम से जुड़ सकेगी।









