नई दिल्ली, 16 सितंबर, 2026:
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि गुरु नानक देव जी के अनन्य किरत़ी सिख भाई लालो जी का जन्म दिवस दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा 27 सितंबर, 2026, दिन रविवार को गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में आज दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यालय में ऑल इंडिया रामगढ़िया विश्वकर्मा फेडरेशन (रजि.) के अध्यक्ष सरदार सुखदेव सिंह रियात के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष बैठक की गई। उन्होंने बताया कि इस मुलाकात के दौरान भाई लालो जी के जन्म दिवस को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाने संबंधी महत्वपूर्ण विचार–विमर्श किया गया।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने कहा कि भाई लालो जी की सादगी, ईमानदारी, किरत की महानता और गुरु साहिब के प्रति अटूट श्रद्धा समूची मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक साहिब ने ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का जो संदेश दिया, भाई लालो जी का जीवन उसकी जीवंत मिसाल है।
उन्होंने समस्त संगतों से अपील की कि 27 सितंबर को गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भाई लालो जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लें तथा गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें।









